अस्पताल के गेट पर महिला को रौंदा
- फोटो : गूगल
महोबा में जिला अस्पताल गेट के पास सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद अज्ञात चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश कर रही है। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। जनपद झांसी के ग्राम सकरार निवासी धनवंती (32) पत्नी शिवदीन के सीने व पेट में लंबे समय से दर्द की शिकायत थी। कई जगह इलाज कराने के बाद भी कोई आराम नहीं मिला।
तब किसी ने महोबा के पंजा बाबा स्थान में जाकर परिक्रमा लगाने से बीमारी ठीक होने की जानकारी दी। दो दिन पहले धनवंती अपने माता-पिता के साथ शहर के पंजा बाबा स्थान आई थी। गुरुवार की सुबह वह जिला अस्पताल में परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय जा रही थी।
तभी अस्पताल गेट के पास सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक के भाई प्रदीप व मां जानकीबाई ने आरोप लगाया कि रोडवेज बस की टक्कर से धनवंती की मौत हुई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।