कानपुर के उर्सला में प्रस्तावित शाम की ओपीडी में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पांच सुपर स्पेशलिस्ट रोगियों को देखेंगे। इनमें न्यूरो विशेषज्ञ, गुर्दा रोग विशेषज्ञ, पेट रोग विशेषज्ञ, मधुमेह एवं हारमोंस रोग विशेषज्ञ तथा हृदय रोग विशेषज्ञ हैं।
एसोसिएशन ने प्रस्ताव फाइनल करके शासन को भेज दिया है। अभी तक होता यह है कि सुबह की सामान्य ओपीडी में दिखाने के बाद रोगी रेफर करने पर सुपर स्पेशलिस्ट को दिखाने हैलट या फिर निजी अस्पताल जाते हैं।
इससे फायदा यह होगा कि उर्सला की सुबह की सामान्य ओपीडी के रोगियों को सुपर स्पेशलिस्ट को दिखाने बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अस्पताल में ही परामर्श मिल जाएगा। सुबह की ओपीडी के पंजीकरण पर ही रोगियों को शाम की सुपर स्पेशलिस्ट ओपीडी में देखा जाएगा।
आईएमए की अध्यक्ष डॉ. अर्चना भदौरिया ने बताया कि शाम की ओपीडी के संबंध में सीएमओ के साथ प्रस्ताव फाइनल करके स्वास्थ्य मंत्री को भेज दिया गया है। सुबह की ओपीडी में पंजीकृत रोगियों के अलावा अगर कोई रोगी आता है तो उससे न्यूनतम पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा।