कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी में बुधवार को भी पार्किंग के विरोध में छात्रों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तू-तू मैं-मैं हुई। विवि प्रशासन ने सख्ती दिखाई तो छात्र बैकफुट पर आ गए।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी छात्रों ने जमकर हंगामा किया। सुबह जैसे ही छात्र विवि पहुंचे तो सुरक्षा में तैनात होमगार्डों ने उन्हें एकेडमिक परिसर में जाने से रोक दिया और कहा कि गाड़ियां पार्किंग में खड़ी करें और पैदल जाएं। इससे कई छात्र नाराज हो गए और नारेबाजी कर हंगामा करने लगे।
सूचना मिलते ही विवि के चीफ प्रॉक्टर डॉ. संदीप कुमार सिंह और विवि चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की। छात्रों का कहना था कि मंगलवार देर शाम बैरियर हटाने की बात हुई थी। जबकि विवि प्रशासन ने इसे खारिज करते हुए कहा कि मंगलवार देर शाम छात्रों के एक प्रतिनिधि मंडल से बात कर अंतिम फैसला लेने की बात हुई थी। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद जब प्रशासन ने सख्ती दिखाई तो छात्र शांत हो गए और पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर अपने विभाग चले गए।
चीफ प्रॉक्टर डॉ. संदीप कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों की मांगें पूछी गई हैं। सभी विभागों से प्रतिनिधि के रूप में एक छात्र को वार्ता के लिए गुरुवार को बुलाया गया है। इसके लिए सभी विभागाध्यक्ष को पत्र लिखा गया है। छात्र प्रतिनिधि मंडल से वार्ता के बाद बैरियर को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा।