मनोरंजन कर अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने यूपीसीए को भेजा नोटिस
कानपुर के ग्रीनपार्क में 10 मई को होने वाले आईपीएल-10 मैच से पहले योगी सरकार के कड़े फैसले का असर तेजी से दिखने लगा है। दरअसल यूपीसीए ने ग्रीनपार्क में आईपीएल मैच कराने की तैयारियां तो शुरू कर दीं लेकिन सरकार को मनोरंजन कर नहीं अदा किया। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कानपुर के मनोरंजन कर अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने यूपीसीए को नोटिस भेज दिया है और ये साफ कहा है कि डीएम की परमिशन के बिना आईपीएल मैच नहीं हो पायेगा। इसके लिए मनोरंजन कर जल्द से जल्द चुकाना होगा।
आईपीएल मैच के लिए गुजरात लायंस और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीमें 8 को शहर आएंगी। दोनों ही टीमें स्टेडियम में 9 मई को शाम 6 से 9 बजे रात तक फ्लड लाइट में अभ्यास करेंगी। 10 मई को रात 8 बजे से दोनों में आईपीएल मुकाबला खेला जाएगा। गुजरात लायंस टीम 7 मई को मोहाली में पंजाब किंग्स इलेवन के साथ अपना मैच खेलेगी। इसके अगले दिन यानी 8 को मोहाली से कानपुर के लिए रवाना होगी जबकि दिल्ली डेयरडेविल्स 6 मई को मुंबई इंडियंस से मुंबई में अपना मैच खेलेगी। जो प्रैक्टिस शेड्यूल आया है वह भी 9 मई को दिया गया है। ऐसे में दोनों टीमें 8 को लखनऊ एयरपोर्ट में उतरेंगी और वहां से बस से होटल लैंडमार्क में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में आएंगी। यूपीसीए के ललित खन्ना ने बताया कि अभी तक यह जानकारी फ्रेंचाइजी की ओर से दी गई है। इसमें फेरबदल भी हो सकता है।