बुंदेलखंड की पठारी धरती पर लू का कहर जारी है। गुरुवार को लू और भीषण गर्मी से ट्रक चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जिला अस्पताल व निजी क्लीनिकों में उल्टी, दस्त, बुखार व पेटदर्द के मरीजों की भरमार है। 24 घंटे में 16 लोगों की हालत नाजुक होने पर अस्पताल के वार्डों में भर्ती कराया गया। चिकित्सक तेज धूप से बचाव और अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
गुरुवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ जुटी। ओपीडी में 729 मरीज पहुंचे। 24 घंटे के अंदर उल्टी, बुखार व पेटदर्द से पीड़ित रमेश, शमीम, अनीता, भूमिका, आयुष, श्रेयांश, लक्ष्मी, सौरभ, दद्दू, रामपाल, इमाम, कंचन, हल्के, सृष्टि, महेंद्र और मुन्नी की हालत नाजुक होने पर वार्डाें में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। जनपद प्रतापगढ़ के कुर्रही गांव निवासी सर्वेश कुमार उर्फ दीपक (42) ट्रक चालक था। गुरुवार को वह गिट्टी लेने पत्थरमंडी कबरई आया था।