साक्षी महाराज ने हरी झंडी दिखाई
- फोटो : अमर उजाला
अब उन्नाव से दिल्ली और लखनऊ जाना और आसान हो गया है। दिल्ली से लखनऊ बीच चलने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस का उन्नाव जंक्शन पर रविवार से ठहराव शुरू हो गया। रविवार को सांसद डॉ. हरि साक्षी महाराज ने हरी झंडी दिखाई और ट्रेन में बैठकर दिल्ली के लिए रवाना हुए।
जिले से रोजाना औसतन 800 लोग विभिन्न कार्यों के लिए दिल्ली आते जाते हैं। अभी तक उन्हें दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़ने कानपुर या लखनऊ जाना पड़ता था। यात्रियों की समस्या को सांसद डॉ. हरि साक्षी महाराज ने उठाई थी। उन्होंने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र भेजकर शताब्दी सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव उन्नाव जंक्शन पर कराने की मांग की थी। 16 जुलाई को रेल मंत्री द्वारा ठहराव को मंजूरी दे दी गई। रविवार को स्टेशन परिसर में ट्रेन के स्टॉपेज को लेकर सांसद व विधायक पहुंचे। शाम 4:21 बजे ट्रेन उन्नाव जंक्शन पहुंची। यहां दो मिनट के स्टापेज के बाद सांसद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया
इसके बाद वह खुद ट्रेन में बैठकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। स्टेशन मास्टर सुधांशु मोहन ने बताया कि रोजाना 12004 शताब्दी एक्सप्रेस दिल्ली से चलकर वाया कानपुर होते उन्नाव जंक्शन पर सुबह 11:56 बजे पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद 11:58 बजे लखनऊ की ओर रवाना होगी। वहीं शाम को 12003 लखनऊ से चलकर शाम को 4:21 बजे उन्नाव जंक्शन पहुंचेगी। दो मिनट रुकने के बाद 4:23 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी। इससे सुबह लखनऊ जाने वाले और शाम को दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। इस दौरान सदर विधायक पंकज गुप्ता, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, आशुतोष शुक्ला, अरुण पाठक, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुण सिंह व भाजपा नेता प्रवीण मिश्रा भानू आदि मौजूद रहे।
छह अन्य ट्रेनों के ठहराव के लिए दिया ज्ञापन
दैनिक यात्री संघ ने यहां पर सांसद को ज्ञापन देकर अन्य छह ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की। संघ के अध्यक्ष मुर्तजा हैदर रिजवी ने बताया कि उन्नाव जंक्शन अमृत भारत स्टेशन के तहत आता है। इसलिए यहां पर 12103-12104 लखनऊ-पुणे एक्सप्रेस, 13239-13240 कोटा-पटना, 19715-19716 गोमती नगर-जयपुर, 12173-12174 प्रतापगढ़-लोकमान्य तिलक, 15065-15066 गोरखपुर-पनवेल, 12535-12536 लखनऊ- रायपुर और 12107- 12108 सीतापुर- लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन रुकना जरुरी है। इन ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को और राहत मिलेगी।