कानपुर से ढाई लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया। जिसको देखते हुए कई जिलों को सावधान कर दिया गया है। नरोरा और हरिद्वार से पानी छोड़े जाने का क्रम अभी भी जारी है।
कानपुर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नरौरा बांध से गंगा नदी में दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ दिया गया है। नरोरा से पानी छोड़े जाने के बाद कानपुर गंगा बैराज से भी पानी छोड़ा जा रहा है। इसके लिए गंगा बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर से चलते गंगा नदी उफान पर है। कानपुर में गंगा चेतावनी बिंदु को पार कर चुकी हैं। गंगा का जलस्तर खतरनाक बिंदु से थोड़ा ही कम है।
रविवार को कानपुर से ढाई लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया। जिसको देखते हुए कई जिलों को सावधान कर दिया गया है। नरोरा और हरिद्वार से पानी छोड़े जाने का क्रम अभी भी जारी है। आज सुबह 8 बजे भी दोनों जगह से लगभग 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जो शाम तक कानपुर पहुंच जाएगा। प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सुरक्षित जगह शरण लेने के लिए कहा है। तराई इलाकों में सब्जी की फसलों को काटकर बेचने के निर्देश दिए।
कन्नौज सदर तहसील के करीब 18 गांव गंगा और काली नदी के मुहाने पर बसे हैं। शुक्रवार को नरौरा बांध से दो लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जिले में इसका असर रविवार रात से दिखाई देगा। फिलहाल गंगा का पानी तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को गंगा नदी में पानी का जलस्तर 125.080 मीटर रहा। यह खतरे के निशान 125.970 से 89 सेंटीमीटर दूर है।
शनिवार को नरौरा बांध से पानी छोड़े जाने की सूचना पर एडीएम गजेंद्र सिंह और एसडीएम गौरव कुमार ने बाढ़ प्रभावित कासिमपुर और बक्शीपुरवा का दौरा किया। इन गांवों के किनारे पानी पहुंच गया है। एसडीएम ने बताया कि बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। बाढ़ आने की संभावना है। इससे अलर्ट किया गया है। बाढ़ चौकियों, गोताखोरों और राजस्व टीमों से चौकन्ना रहने के लिए कहा गया है।
कन्नौज में यहां बनाए गए शरणालय
बाढ़ की आशंका पर महादेवी घाट, पुलिस लाइन, जूनियर हाईस्कूल भिम्मापुर्वा, कटरी अमीनाबाद, पूर्व माध्यमिक विद्यालय जलालपुर कटरी बांगर, प्राथमिक विद्यालय क्षेमकली देवी, जूनियर हाईस्कूल गुगरापुर बांगर, देवदरबार आश्रम करीमपुर, प्राथमिक विद्यालय मिश्रीपुर व पूर्व माध्यमिक विद्यालय मरहरियापुर में शरणालय स्थल बनाए हैं।
इन गांवों में बढ़ाई गई निगरानी
कटरी गंगपुर, कटरी कासिमपुर, कन्नौज कछोहा, दरियापुर चंदई, सलेमपुर रमई, चौधरियापुर कछोहा, कटरी फिरोजपुर, महावली, जलालपुर अमरा, कपूरपुर कटरी, तेरारागी, कटरी अमीनाबाद, कटरी डूंगरपुर, दरियापुर पट्टी, गुगरापुर बांगर, सढ़ियापुर बांगर, मिश्रीपुर अकौड़नपुर्वा व बलीदादपुर के ग्रामीणों को अलर्ट कर निगरानी बढ़ा दी गई है।