रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 19 दिसंबर को लंबे समय बाद कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सियासत को हवा देंगे। पांच वर्षों में कई बार उनका कानपुर आना हुआ, लेकिन हर बार वह अपने गुरुजी से मिलने के इरादे से ही आए। वह झांसी से भाजपा की जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
यह यात्रा क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। समापन कानपुर में होगा। विश्वास यात्रा के माध्यम से बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं और भाजपा समर्थकों के साथ आम लोगों का भरोसा जीतने की की जाएगी। इसके लिए पार्टी ने अपनी सभी 17 जिला इकाइयों और क्षेत्रीय इकाई की अलग-अलग टीमें तैयार की हैं।
इसके अलावा 11 बाइक सवार कार्यकर्ता भी तैयार किए गए हैं, जो यात्रा के आगे-आगे अपने जिलों में चलेंगे। यात्रा का समापन दो जनवरी को होगा। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की तरह प्रदेश के पांच और क्षेत्रों से यात्रा शुरू की जा रही है। इन सभी यात्राओं का महासंगम 10 जनवरी को लखनऊ में होगा। कहा जा रहा है कि भाजपा की यह यात्रा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तरफ से निकाली जा रही विजय यात्रा का जवाब होगी।