गोरखपुर के एक होटल में पुलिस की दबिश के बाद कानपुर के मनीष गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी कानपुर आकर मृतक के परिजनों से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वो आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी।
क्या है पूरा मामला
सोमवार-मंगलवार की रात को गोरखपुर के एक होटल में पुलिस की दबिश के बाद मनीष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मनीष के साथ होटल में रुके उनके दोस्त गुरुग्राम के रहने वाले अरविंद सिंह ने बताया कि वे होटल कृष्णा पैलेस के अपने रूम नंबर 512 में सो रहे थे।
अरविंद ने बताया कि देर रात पुलिसवालों ने दरवाजा खुलवाया और आईडी चेक करने लगे। मनीष ने देर रात की जांच पर सवाल उठाए तो पुलिसवाले आक्रोशित हो गए और उन्होंने पीटना शुरु कर दिया।अरविंद का आरोप है कि पुलिसवाले शराब के नशे में भी थे, देर रात में की जा रही चेकिंग को लेकर सवाल पूछने पर उन्होंने मनीष को इतना पीटा कि उसकी जान चली गई।