उत्तर प्रदेश के बांदा में प्रधानी चुनाव से चली आ रही दुश्मनी में दबंगों ने ग्राम प्रधान के चचिया ससुर की हत्या कर दी। देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आठ लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित कई गंभीर धाराओं की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना कमासिन थाना क्षेत्र के बंथरी गांव की है।
सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे रामस्वरूप गौतम (57) पुत्र केदार प्रसाद अपने रिश्ते के भाई कल्लू (37) पुत्र राजकिशोर के साथ अपने खेत/ट्यूबवेल जा रहा था। रास्ते में जूनियर हाईस्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने दोनों पर लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। रामस्वरूप और कल्लू लहूलुहान होकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
हमलावरों की संख्या छह से ज्यादा बताई गई है। हमले के बाद सभी भाग निकले। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को कमासिन पीएचसी लाए। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां रामस्वरूप की मौत हो गई। कल्लू को भर्ती कर लिया गया। रामस्वरूप के शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया।