उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रदूषण की मात्रा दिनों दिन बढ़ती जा रही है। सरकारी तौर पर प्रदूषण रोकने के अभी तक जो भी इंतजाम किए गए हैं, उन सभी का कोई असर नहीं दिख रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को अब तेज हवा चलने या बारिश होने का इंतजार है। बोर्ड को उम्मीद है की बारिश य हवा चलने से प्रदूषण काफी हद तक छंट जाएगा।
जबकि मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 10 दिनों तक बारिश और तेज हवा की कोई संभावना नहीं है। इससे साफ है कि प्रदूषण से अभी शहर वासियों को लगातार जूझना पड़ेगा। रविवार को आधी रात एक बजे से लेकर पूरे 10 घंटे तक खतरनाक प्रदूषण 2.5 की मात्रा 400 एक्यूआई से ऊपर बनी रही।
दोपहर में इसमें थोड़ी सी गिरावट जरूर आई लेकिन शाम को 4 बजने के बाद से ही इसमें फिर से इजाफा होने लगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि प्रदूषण की स्थिति पूरे उतर प्रदेश में काफी खराब है। स्थानीय तौर पर प्रदूषण दूर करने के लिए जरूरी उपाय किए जा रहे हैं लेकिन यदि तेज हवा चलती है या बारिश होती है तो प्रदूषण छंटने में ज्यादा आसानी होगी।
फिलहाल महानगर के छह स्थानों पर मैनुअल और एक स्थान पर ऑनलाइन व्यवस्था के तहत मॉनिटरिंग की जा रही है। ऑनलाइन व्यवस्था शहर के तीन और स्थानों पर शुरू की जानी है। इसके लिए जल्द ही सीपीसीबी की टीम महानगर आएगी।