घटना के बाद मौके पर परिजन और पुलिस
- फोटो : amar ujala
उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के गदनखेड़ा चौराहा से कुछ दूरी पर लखनऊ की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर अचलगंज थाना क्षेत्र के पोटरिहा गांव निवासी दिनेश की (24) वर्षीय पत्नी ज्योति व (1) साल के बेटे आरव की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आक्रोशित परिजनों ने चालक को पकड़ने की मांग कर हंगामा भी किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। हादसे में बाल-बाल बचे बाइक चला रहे दिनेश ने बताया कि वह पत्नी और बच्चों के साथ अजगैन थाना क्षेत्र के नवाबगंज स्थित कुशहरी देवी मंदिर में दर्शन करने जा रहा था।