मुठभेड़ की जानकारी देते एसएसपी इटावा
- फोटो : अमर उजाला
इटावा में शहर के बाहर डीपीएस के पास मुठभेड़ में पुलिस ने साइबर अपराध करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को दबोच लिया। इनमें एक पर 25 हजार रुपये का इनाम है। एक के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच रात करीब छह बजे आईटीआई चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान गुजरी यूपी 14 बीके 9392 कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी। कार में सवार 25 हजार रुपये के इनामी अनीश गुप्ता (40) पुत्र दिनेश गुप्ता को पुलिस ने पहचान लिया। पुलिस ने कार का पीछा किया। अंडरब्रिज के पास बदमाशों ने कार सर्विस रोड से हाईवे की ओर मोड़ दी। बदमाशों ने पुलिस पर दो राउंड फायर किए।
पुलिस ने भी जवाब में चार राउंड फायरिंग की। बदमाशों की कार डीपीएस से पहले सर्विस रोड किनारे एक पोल से टकरा गई। पुलिस ने कार से अनीश के अलावा उसके साथी कासगंज निवासी विपिन और और एटा निवासी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। इनामी अनीश के पैर में गोली लगी है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि अनीश साइबर अपराधी है। उसके खिलाफ पांच मई को सिविल लाइन थाने में एटीएम से रुपये निकालने का मुकदमा दर्ज किया गया था। आईटी सेल के जरिये उसे ट्रेस किया गया था, तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।