त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को चित्रकूट, कन्नौज और इटावा जिले में मतदान शुरू हो चुके हैं। सुबह से ही मतदाताओं ने पोलिंग बूथों की ओर रुख किया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लाइन लगना शुरू हो गई हैं। कोरोना के खौफ के साथ-साथ लोगों में मतदान का उत्साह भी देखने को मिला।
लोग मास्क लगाकर मतदान करने पहुंचे। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। मतदान को शांतिपूर्ण कराने के लिए जितना इंतजाम पुलिस और प्रशासन की तरफ से किया गया है, उतना ही इंतजाम मतदान के दौरान लोगाें को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए भी किया गया है। ऐसा प्रशासन का दावा है।
चित्रकूट जनपद के 1081 बूथों पर मतदान शुरू हुआ। पंचायत प्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखा।
चित्रकूट: मतदान केंद्र में मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट में वोट डालने गए मतदाताओं से पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया जा रहा है। मारपीट होने से मतदाताओं में अफरा-तफरी मच गई। यहां वोटिंग रुक गई है। यह मामला राजापुर के प्राथमिक विद्यालय रगौली का है।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले के मडौली मतदेय स्थल पर महिलाओं की लंबी लाइन दिखी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग धड़ाम हो गई। वहीं लुधियानी मतदान केंद्र पर सन्नाटा दिखा। लुधियानी में बीटेक छात्रा रुपाली ने पहली बार मतदान किया।
इटावा: बुजुर्गों में मतदान को लेकर दिखा उत्साह
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले के भरईपुर में 95 साल की मधु देवी अपने बेटे व बहू के साथ वोट डालने पहुंचीं। वहीं 81 वर्षीय सारवती ने भी बेटे के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला। चित्रकूट जिले में सुबह 9 बजे तक 9.12 प्रतिशत मतदान हुआ।
इटावा के निवाड़ीकला में एएसपी ग्रामीण और एडीएम ने पोलिंग बूथ का दौरा किया। यहां बिना मास्क लगाए लोगों को पुलिस ने खदेड़ा। इटावा जिले में 9 बजे तक 11 प्रतिशत मतदान हुआ।
इटावा: अभय राम यादव ने किया मतदान
- फोटो : अमर उजाला
इटावा के सैफई में मुलायम सिंह के छोटे भाई अभय राम यादव मतदान करने पहुंचे। उनका कहना है कि हम लोगों ने प्रत्याशी रामफल को खड़ा किया है। प्रधानी के लिए वही जीतेगा और अंशुल जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगे। साथ ही समाजवादी पार्टी सभी सीटें जीतेगी।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट जिले में मानिकपुर ब्लॉक के सरैया गांव में महिलाएं दोहरी जिम्मेदारी निभाती नजर आईं। महिलाएं मासूम बच्चों को लेकर मतदान करने पहुंचीं। चित्रकूट में सुबह 11 बजे तक 19.40 प्रतिशत मतदान हुआ।
पंचायत चुनाव 2021
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले के कस्बा अहेरीपुर में मतदान के दौरान वोटर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते नजर आए। कोविड नियमों की अनदेखी के साथ ही यहां पुलिस नजर नहीं आई।
चित्रकूट: सूना पड़ा केंद्र
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट जिले में पंचायत चुनाव में लगे सरकारी तंत्र की लापरवाही सामने आई है। वोटर सुबह से लाइन में खड़े हैं और यहां 11:30 तक वोटिंग शुरू नहीं हो पाई। ग्रामीणों का आरोप है कि बीडीसी के कुछ प्रत्याशियों के मतपत्र से सिंबल गायब हैं। यह मामला पहाड़ी ब्लॉक के बसहर गांव का है। आरओ आशुतोष के मुताबिक मतपत्र भेजने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द वोटिंग शुरू हो जाएगी।
चित्रकूट: आईजी ने दस्यु प्रभावित क्षेत्रों के मतदान बूथों का किया निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट जिले में आईजी के सत्यनारायण ने दस्यु प्रभावित क्षेत्रों के मतदान बूथों का निरीक्षण किया। आईजी ने भरतकूप थाना अंतर्गत रसिन, खभरिहा, भारतपुर, अकबरपुर सहित कई गांवों का निरीक्षण कर कोविड नियमों का पालन कर मतदान करने का अनुरोध किया।
चित्रकूट में 1 बजे तक 30.98 प्रतिशत मतदान हुआ। कन्नौज जिले में दोपहर 1 बजे तक 38.20 प्रतिशत मतदान हुआ।
इटावा: मामले की पड़ताल करने पहुंची एसडीएम नमृता सिंह व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
इटावा के भरथना में पंचायत सदस्य के बैलेट पेपर में एक प्रत्याशी का सिंबल नहीं होने पर सवा घंटे मतदान रुका रहा। प्रत्याशी ने आपत्ति दर्ज कराई। जिस पर पीठासीन अधिकारी द्वारा उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया। एसडीएम नमृता सिंह भी मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद दूसरे बैलेट पेपर आने पर मतदान प्रक्रिया शुरू हो सकी।
कन्नौज में हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले के ददौरा खुर्द मतदान केंद्र संख्या 227 पर बीडीसी के एक गड्डी मतपत्र गायब हो गए। मतदाताओं ने पीठासीन अधिकारी पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। सेक्टर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। बूथ पर हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा।
चित्रकूट जिले में दोपहर 3 बजे तक 43.37 प्रतिशत मतदान हुआ।