फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: बलाई जंगल के सूखे कुएं में मृत मिला तेंदुआ, वनकर्मियों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला

Sun, 13 Jul 2025 08:37 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर देहात
विज्ञापन
बलाई जंगल में सूखे कुएं से निकाला गया मृत तेंदुआ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
डेरापुर वन रेंज के बलाई जंगल में रविवार को सूखे कुएं में एक मृत तेंदुआ (नर) मिला। चरवाहों की सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। वन अधिकारी सेंगुर नदी के रास्ते कहीं से भटक कर तेंदुए के आने की बात कह रहे हैं। रविवार को चरवाहे मवेशी लेकर बलाई जंगल की ओर गए थे। कुछ चरवाहों ने पक्के कुएं में झांका तो अंदर तेंदुआ पड़ा था। उन्होंने अन्य लोगों को जानकारी दी। जानकारी पर वन रेंजर इस्तेखार अहमद अन्य कर्मियों संग पहुंचे।
विज्ञापन


पहले सूखे कुएं में जहरीली गैस की जांच की गई। इसके बाद रस्सी के सहारे वन कर्मी कुएं में उतरे। मृत तेंदुआ को रस्सी से बांधकर कुएं से बाहर निकाला। डेरापुर वन रेंजर इस्तेखार अहमद ने बताया कि तेंदुआ के शरीर पर कोई जाहिरा चोट का निशान नहीं मिला है। तेंदुआ की मौत एक दिन पहले होने का अनुमान है। उसकी आयु करीब तीन वर्ष आंकी गई है। मृत तेंदुआ नर है और उसकी लंबाई 1.15 मीटर है। जिस कुएं में तेंदुआ मृत मिला उसकी गहराई करीब 30 फीट है। उन्होंने बताया कि बलाई जंगल कटीले बबूल का है। इन जंगल में तेंदुआ नहीं पाया जाता है। अनुमान है कि तेंदुआ कहीं से सेंगुर नदी के किनारे के रास्ते होकर भटक कर यहां आ गया। शिकार करने के दौरान वह सूखे कुएं में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका।

कहीं से भटक कर तेंदुआ डेरापुर के बलाई जंगल में पहुंच गया। वहां सूखे कुएं में मृत मिला है। तेंदुआ की मौत की वजह पोस्टमार्टम में साफ होगी। सोमवार को पशुचिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। - एके पांडेय, डीएफओ कानपुर देहात

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें