बांदा जिले के ओरन में महाविद्यालय प्रवक्ता के आठ वर्षीय पुत्र का अपहरण करने के बाद हत्या कर शव गांव में ही पुआल के ढेर तले छिपा दिया। मंगलवार को दूसरे दिन शव बरामद होने पर परिजनों और ग्रामीणों में रोष पनप उठा।
पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव पुलिस को सौंपा। गांव के ही स्वजातीय के विरुद्ध अपहरण और हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
फिलहाल वह फरार है। बिसंडा थाना क्षेत्र के चौसड़ गांव में सोमवार को सुबह करीब 10 बजे राजेश कुशवाहा का आठ वर्षीय पुत्र प्रिंस घर के दरवाजे खेलते समय लापता हो गया। दिनभर तलाश के बाद कोई सुराग नहीं लगा।
रात करीब 8:55 बजे राजेश के फोन पर कॉल आई कि पुत्र को सही सलामत चाहिए तो पुलिस को मत बताना। बाद में फिर कॉल आई जिसमें पुलिस को सूचना देने पर नाराजगी जताई गई। मंगलवार को सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर तालाब के पास रखे पुआल के ढेर के नजदीक प्रिंस की चप्पलें पड़ी मिलीं।
पुआल हटाने पर नीचे प्रिंस का शव बरामद हुआ। परिजन और गांव के लोगों में आक्रोश भड़क उठा। मौके पर पहुंची बिसंडा थाना और चौकी ओरन पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। दोपहर को पुलिस अधीक्षक डॉ.एसएस मीणा मौके पर पहुंचे और परिजनों को हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।