उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपी कैटेट) में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के एमएससी के छात्र अश्वनी कुमार सिंह की पीएचडी प्रवेश परीक्षा में पहली रैंक है। लाइव स्टॉक प्रोडक्शन एंड मैनेजमेंट विषय से ग्रुप और ग्रुप कैटेगरी दोनों में इनकी पहली रैंक आई है।
मूल रूप से हरदोई के रहने वाले अश्वनी सीएसए के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते थे। उन्होंने बताया कि सेल्फ स्टडी और प्रोफेसरों की मदद से सफलता मिली है। लॉकडाउन और परीक्षा की तिथि बढ़ने पर उन्हें पढ़ाई का भरपूर समय मिल गया था।
कठिन टॉपिक को समझने के लिए वह ऑनलाइन स्टडी का भी सहारा लेते थे। वह सीएसए से पीएचडी करके कृषि वैज्ञानिक बनना चाहते हैं। इनके पिता ओम प्रकाश सिंह व्यापारी और मां बबिता सिंह पोस्टमास्टर हैं। बता दें कि प्रदेश के चार कृषि विवि में प्रवेश के लिए होने वाली इस परीक्षा का आयोजन सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि मेरठ ने किया था।