टॉपर आस्था बाजपेई अपने परिजनों के साथ
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव जिले के मास्टर माइंड पब्लिक स्कूल की 10वीं की छात्रा आस्था बाजपेई ने 88% अंकों के साथ विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया है। आस्था कहती हैं कि इस सफलता का श्रेय उनकी माता नामिनी, पिता निर्मल बाजपेई और गुरुजनों को जाता है।
वहीं आगे की पढ़ाई व भविष्य को लेकर आस्था ने बताया कि वह आईएएस अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। आस्था ने हिंदी में 87 अंग्रेजी में 97 गणित में 82 विज्ञान में 92 सामाजिक विज्ञान में 82 और चित्रकला में 88 नंबर प्राप्त किए हैं।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के घोषित हाई स्कूल व इंटर के परीक्षा परिणाम में उन्नाव में इंटर के छात्र वैभव द्विवेदी ने प्रदेश में चौथा स्थान हासिल कर जनपद के साथ ही परिवार का मान बढ़ाया है। वैभव का कहना है कि उन्होंने टारगेट निर्धारित कर पढ़ाई की और आज गुरुजनों के आशीर्वाद से उनको यह मुकाम हासिल हुआ है। वैभव ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों के साथ ही माता-पिता को दिया है।
वैभव भविष्य में क्रिकेटर बनकर खुद का सपना पूरा करना चाहते हैं। कहा की फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ में खासा रुचि है। इसलिए भविष्य में पीएचडी भी करना चाहूंगा। उन्नाव शहर के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी दुष्यंत द्विवेदी के होनहार लाल वैभव द्विवेदी ने अपनी सफलता से माता-पिता को अब आम से खास बना दिया है।
वैभव दिवेदी शहर के एबी नगर स्थित ब्रिलिएंट एकेडमी इंटर कॉलेज से इंटर की पढ़ाई की। आज इंटर के जारी हुए परिणाम में वैभव द्विवेदी ने 500 अंकों में से 472 अंक लाकर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। वैभव के पिता दुष्यंत द्विवेदी पेशे से बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर बहराइच में तैनात हैं। वैभव का कहना है कि बिना गुरुजनों के मार्गदर्शन के जीवन में कुछ भी संभव नहीं है।