बांदा में शौच को निकली महिला की हत्या कर शव जलाने का प्रयास किया गया। एंबुलेंस चालक पति ने बताया कि वह घर से शौच के लिए निकली थी। गला घोटकर हत्या करने और फिर शव जलाने की आशंका जताई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मायके वाले पति पर ही संदेह जता रहे हैं।
पुलिस लाइन से चंद कदम दूर स्थित चांदमारी मैदान में शुक्रवार को सुबह जरैली कोठी निवासी शाकिर उर्फ बच्ची की पत्नी सफीउन निशा (35) का अधजला शव मिला। पेट और चेहरा बुरी तरह झुलसा था। पति शाकिर ने बताया कि वह एंबुलेंस चलाता है। पत्नी बृहस्पतिवार शाम शौच को गई थी। इसी बीच वह भी एंबुलेंस लेकर जिला अस्पताल आ गया था।
सुबह शव मिलने पर घटना की जानकारी हुई। शाकिर ने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने पत्नी को दबोचने के बाद उसकी गला घोटकर हत्या कर दी गई। सुबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की। सूचना पाकर एसपी अभिनंदन, सीओ सिटी राकेश कुमार सिंह, कोतवाली नगर इंसपेक्टर भास्कर मिश्र फोर्स के साथ पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आसपास के लोगों से पूछताछ की। परिजनों के भी बयान लिए। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतका के पिता दतौली (फतेहपुर) गांव निवासी इमाम बख्श ने आरोप लगाया कि पति अक्सर शराब के नशे में बेटी को मारता-पीटता था। हत्या के बाद शव जला दिया गया। हालांकि, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
मौके से पुलिस को मिला डिब्बा व गिलास
पुलिस लाइन से पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल के नमूने लिए। शव के पास प्लास्टिक का डिब्बा व स्टील का गिलास मिला। इसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। डॉग स्क्वॉड भी पहुंचा। पूछताछ में पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी प्रेतबाधा से परेशान थी। अक्सर जरैली कोठी मजार में जाकर बैठी रहती थी। बृहस्पतिवार को देर रात तक घर न लौटने पर परिजन यही समझते रहे कि वह मजार में है, लेकिन शुक्रवार को सुबह पानी भरे गड्ढे के पास अधजला शव मिला।