हरदोई जिले के हरियावां थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के बाद आठ साल की बालिका की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। रविवार शाम से लापता मासूम का शव नग्न अवस्था में गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पास ही खून से सने कपडे़ मिले हैं।
पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से नमूने जुटाए हैं। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण मजदूरी करता है। उसकी आठ साल की बेटी इन दिनों सई नदी के पास उगने वाली नारी की सब्जी को एकत्र कर बेचती थी।
ग्रामीणों के मुताबिक रविवार की सुबह बालिका नारी एकत्र करने के बाद उसे बेचकर घर चली गई थी। शाम को लगभग पांच बजे वह फिर से घर से चली गई थी और नहीं लौटी। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन जानकारी नहीं मिली।
सोमवार को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस परिजनों के साथ गांव के आसपास स्थित खेतों में तलाशी अभियान में लग गई। दोपहर लगभग 12 बजे गांव से करीब 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में बालिका का शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला।