अनुसूचित जाति की युवती की धारदार हथियार से हत्या
बीघापुर कोतवाली क्षेत्र में शौच जाने की बात कहकर सुबह घर से निकली युवती की सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। हत्यारे ने छिपाने के लिए शव को झाड़ी में फेंक दिया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर छोटी बहन तलाशने निकली। कहीं नजर न आने पर लौट आई।
झाड़ी में खून से लथपथ मिला शव
इसके बाद में भाई व अन्य परिजन पहुंचे,तो घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ी में खून से लथपथ शव मिला। जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। एएसपी, सीओ व तीन थानों की फोर्स पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों ने अभी किसी पर शक नहीं जताया है।
बेटी की मौत से परिजन बेहाल
मृतका आरती की मौत से परिजन बेहाल हैं। वह सात भाई बहनों में दूसरे नंबर की थी। बड़ी बहन का विवाह हो चुका है। पिता गांव में खेती कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। कक्षा दस तक सिर्फ उसने पढ़ाई की थी।
होली में दिल्ली से आई थी घर
कक्षा दस तक पढ़ाई करने के बाद मृतका आरती बहन गुड़िया और ज्योति के साथ डेढ़ साल पहले दिल्ली में बुआ के यहां गई थीं। तब से वहीं थी। तीनों बहनें घरों में बर्तन व अन्य घरेलू काम करके अपना पेट भरने के साथ ही पिता को भी रुपये भेजती थीं। आरती होली में घर आई थी।
चर्चा है कि गांव में रहने वाले परिवार के ही एक युवक से उसकी अधिक दोस्ती थी। इसी के चलते उसे दिल्ली भेजा गया था। चर्चा है कि दिल्ली से आने के बाद युवक दोस्त उससे मिलने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
घर पर था शौचालय, फिर भी गई थी बाहर
ग्राम प्रधान पति सीमा के पति गोपाली ने बताया कि मृतका के घर में शौचालय है। वहीं परिजनों का कहना है कि मकान निर्माणाधीन होने से शौचालय बंद किया गया है। इसलिए बाहर जाना पड़ रहा है।
तालाब में मिला अज्ञात अधेड़ का शव, हत्या की आशंका
मौरावां-बछरावां मार्ग पर चंद्रिकाबक्शखेड़ा गांव के पास तालाब में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को जानकारी हुई। पुलिस ने शव को निकलवाया। शव करीब तीन-चार दिन पुराना होने से मापीट के निशान या चोटों नजर नही आ रही हैं।
दाहिने कंधे पर जख्म होने से वजनी हथियार से हमला कर हत्या किए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान न होने पर पुलिस ने मोर्च्यूरी में रखवा दिया है। शव की पहचान न होने पर एसओ ने आसपास थानों में गुमशुदगी दर्ज होने की जानकारी की है।