कानपुर देहात। रनियां में ट्रक से टकराकर बुधवार सुबह बाइक सवार उन्नाव जिले के दो युवक घायल हो गए। एनएचआई की एंबुलेंस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
उन्नाव जिले के पुरानी बाजार कस्बा निवासी नफीस (33) अपने साथी शुक्लागंज के रहूफ के साथ बाइक से बुधवार भोर पहर औरैया दवा लेने गए थे। वापस लौटने के दौरान रनियां में ट्रक से बाइक सवार टकरा गए। राहगीरों की सूचना पर एनएचआई के एंबुलेंस प्रभारी विनीत यादव मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
वहां डॉक्टर निशांत पाठक ने नफीस को मृत घोषित कर दिया, जबकि रहूफ को भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल से पुलिस को मेमो भेजा गया। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।