नरैनी के देविन नगर मोहल्ले में शनिवार की रात घर में आग लगने से कमरे में सो रही मां व नौ माह के बेटे की जलकर मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर सीओ और थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और जांच की। फॉरेंसिक टीम ने नमूने लिए हैं।
कस्बा के देविन नगर मुहल्ला निवासी ब्रम्हप्रकाश दीक्षित की पत्नी सुनीता ने शनिवार की रात साढ़े 11 बजे घर से बाहर निकल कर पड़ोसियों को बताया कि उसकी बहू के कमरे में आग लग गई है। बहुत धुंआ निकल रहा है। पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि शुभम की पत्नी अनीता उर्फ अन्नू अपने नौ माह के बेटे पार्थ के साथ कमरे में बेड पर जली हुई मृत अवस्था में पड़ी थी। पड़ोसियों ने बिस्तर पर लगी आग बुझाई और घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। रात में 12 बजे के बाद क्षेत्राधिकारी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से नमूने लिए गए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जिस कमरे में घटना हुई है, वहीं बेड के पास गैस सिलिंडर रखा हुआ मिला है। किचेन से बेडरूम में गैस सिलिंडर किसने रखा व आग लगने पर अनीता उर्फ अन्नू ने शोर क्यों नहीं मचाया, ये अनसुलझे सवाल हैं, जिन्हें पुलिस अपनी विवेचना में खोलेगी। घर में अकेले सास पुनीता मौजूद थी। मृतका का ससुर ब्रम्ह प्रकाश यूपी पुलिस में सिपाही था। इधर कई साल से दिमागी हालत ठीक न होने के कारण नौकरी छोड़ कर चित्रकूट में घूमता रहता है। मृतका का पति शुभम दीक्षित नोयडा में प्राइवेट नौकरी करता है। पड़ोसियों ने बताया कि सास-बहू और पति के बीच सब कुछ ठीक नहीं था। घटना से मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है।