उन्नाव के अतरधनी में लाही के खेत में सिंचाई के लिए मेड़ बनाने के दौरान किसान दंपती हाईटेंशन लाइन के पोल में उतरे करंट की चपेट में आ गए। इससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अभियंताओं पर कार्रवाई की मांग कर बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर चार घंटे जाम लगा दिया।
सीओ और एसडीएम के आश्वासन के बाद परिजनों का आक्रोश कम न होता देख एडीएम, एएसपी व क्षेत्रीय विधायक मौके पर पहुंचे। उन्होंने और आर्थिक सहायता राशि व जमीन का पट्टा दिलाने का आश्वासन दिया। इस पर परिजन शांत हो गए। फतेहपुर चौरासी के पतौली के मजरा टांडामीता निवासी कुंवारे (45) उर्फ कुंवर पाल गांव के ही मतलूफ का खेत बटाई पर लिए हुए था।
खेत में उसने सरसों की फसल बोई थी। मंगलवार सुबह पत्नी कमला (41) के साथ खेत पहुंचा और सिंचाई के लिए मेड़ बनाने लगा। खेत में लगे हाईटेंशन लाइन के पोल में करंट उतरने से दोनों पोल में चिपक गए। आसपास खेतों पर काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस की मदद से विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई।
परिजन व सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग जाम कर दिया। एसडीएम रश्मि सिंह, सीओ आशुतोष कुमार व तहसीलदार तरुण प्रताप सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। बात बनते न देख एडीएम राकेश कुमार व एएसपी शशि शेखर सिंह भी मौके पर पहुंचे।