फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unnao: तमंचा लगा ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से 3.35 लाख लूटे, बैंक से घर जाते समय हुई घटना

Tue, 10 Sep 2024 07:20 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उन्नाव

सार

Unnao News: सफीपुर-चौधरीखेड़ा मार्ग पर मुंडा गांव के पास ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से लूट का मामला सामने आया है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।
विज्ञापन
घटना की जानकारी देता पीड़ित - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सफीपुर-चौधरीखेड़ा मार्ग पर मुंडा गांव के पास एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाश 3.35 लाख रुपये लूट ले गए। पीड़ित के अनुसार, उसने विरोध किया तो नकाबपोश लुटेरों ने कनपटी पर तमंचा लगा दिया। आईजी-एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित से जानकारी ली। आईजी ने घटना के जल्द खुलासे का निर्देश दिया है।
विज्ञापन


आसीवन थानाक्षेत्र के गांव टिकराकुमेदान निवासी छेदनू प्रसाद कुरसठ कस्बे में जनसेवा केंद्र चलाता है। साथ ही भारतीय स्टेट बैंक का भी काम करता है। सोमवार को वह बैंक खाते से रुपये निकालने सफीपुर ब्रांच गया था। अलग-अलग दो खातों से उसने 3.35 लाख रुपये निकाले और 5:15 बजे बाइक से घर के लिए निकला। छेदनू प्रसाद के मुताबिक, सफीपुर-चौधरीखेड़ा मार्ग पर फतेहपुर चौरासी थाना के मुंडा गांव के पास शारदा नहर पर पहले से बाइक की लाइट बंद करके लुटेरे खड़े थे। उन्हें आता देख लुटेरों ने उनकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगा दी।

हेलमेट लगाए एक लुटेरा अपनी बाइक को स्टार्ट किए खड़ा रहा और दो अन्य लुटेरों ने कनपटी पर तमंचा लगाकर बैग की बेल्ट को कटर से काट दिया। विरोध किया तो मारपीट की और बैग लूटकर भाग गए। घटना के तीन घंटे बाद रात 8:15 बजे छेदनू ने राहगीरों की मदद से बांगरमऊ-लखनऊ मार्ग पर मौजूद पुलिस कर्मियों को घटना की जानकारी दी।

लूट की सूचना पर आसीवन, फतेहपुर चौरासी और सफीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित को साथ लेकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना, सीओ माया राय ने भी जांच की। लुटेरों की तलाश में रात भर पुलिस छानबीन करती रही लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। मंगलवार सुबह आईजी प्रशांत कुमार ने एसपी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित से घटना की जानकारी ली।

उन्होंने दो किलोमीटर दूर डकौली गांव के बाहर शराब की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। बैंक शाखा के भी कैमरों की फुटेज जांची गई है। सीओ माया राय ने बताया कि फतेहपुर चौरासी थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।

समय बदलकर निकालने आता था रुपये
ग्राहक जनसेवा केंद्र संचालक एक समय में रुपये नहीं निकलता था। वह कभी सुबह, कभी दोपहर तो कभी शाम को रुपये निकालता था। जिन रास्ते से संचालक जाता था, वह सुनसान है। इससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि लुटेरों को इसका पता था। वहीं पुलिस घटना को अभी तक संदिग्ध मान रही है। पीड़ित के मुताबिक, वह बैग टांगे था लेकिन घटना से पहले शराब ठेके के कैमरे में जांच की गई तो उसमें पीठ पर बैग नजर नहीं आया है। आसीवन एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर चौधरीखेड़ा पुलिया के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। फिर भी तीन घंटे बाद सूचना दी गई।

 
विज्ञापन

पहले भी हुईं लूट की घटनाएं
लगातार हो रहीं लूट और चोरी की घटनाओं से जनता परेशान हैं। 10 मई को आसीवन थानाक्षेत्र के पेसारी गांव निवासी जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद फहीम के साथ लूट हुई थी। छह सितंबर को गहोली गांव निवासी सेवानिवृत्त फौजी राजेंद्र प्रसाद की पत्नी विजय कुमारी के बैग से 60 हजार रुपए स्टेट बैंक में निकल गए थे। इसके साथ ही एक ही दिन में क्षेत्र में आठ चोरियों के साथ पहले हुईं चोरियों का अब तक खुलासा नहीं हुआ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें