ग्रामीणों की शिकायत पर अवैध खनन और परिवहन का विरोध करने पर सपा सांसद के बेटे व प्रतिनिधि समेत तीन लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने का मामला गरमाता जा रहा है। सपा सांसद अजेंद्र सिंह राजपूत ने वीडियो जारी कर उनके साथ भी अप्रिय घटना होने की आशंका जताई है। चेतावनी दी है कि पुलिस एक नहीं चाहे सौ मुकदमे लिख दे, वह किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने देंगे।
थाना पनवाड़ी क्षेत्र में निजी भूमि के पट्टों पर खनन हो रहा है। सांसद ने बताया कि तीन दिन पहले किसानों ने उनसे शिकायत दर्ज कराई कि निजी भूमि के पट्टों पर अवैध खनन किया जा रहा है। दो बीघे के पट्टे में पांच बीघा खनन किया जा रहा है। गहरे गड्ढे किए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने अपने लेटरपैड पर डीएम मृदुल चाैधरी को पत्र भेज अवैध खनन व परिवहन रोके जाने की मांग की। उनका कहना है कि जब उनका बेटा मानवेंद्र राजपूत उर्फ अमित वहां पहुंचा तो कुछ पुलिसकर्मी ओवरलोड ट्रक निकलवा रहे थे।
इसी दौरान उनके बेटे की कार खराब होने पर पुलिस कर्मचारियों ने जेसीबी से खिंचवाकर अलग कराया। ताकि, ओवरलोड ट्रक आसानी से निकल सके। उनका कहना है कि इसके बाद षड्यंत्र के तहत मुकदमा लिखा गया। यह फर्जी मुकदमा है। सांसद कह रहे हैं कि मुकदमा लिखाने वाले गुंडा टैक्स मांगे जाने की बात कह रहे हैं, लेकिन वह ट्रक चालकों से एक-दो हजार रुपये क्यों लेंगे, उन्होंने इसके लिए इतना बड़ा चुनाव नहीं लड़ा।
सांसद का आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने षड्यंत्र के तहत फंसाया है। ऐसे मुकदमे एक नहीं सौ लिख दें, उन्हें कोई परवाह नहीं है। वह जनता व किसान की लड़ाई लड़ते रहेंगे। हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी संसदीय क्षेत्र में अवैध खनन परिवहन नहीं होने देंगे। कहा कि यदि, उनके और उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने सुरक्षा मांगी है।