सिकंदरा। थाना क्षेत्र के नसीरपुर में बुधवार देर शाम को बंबा में पंपिंग सेट लगाने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बंबा में पलट गया। इससे ट्रैक्टर के नीचे दबकर किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। पास मौजूद लोगों ने उनको बाहर निकाल कर सीएचसी में भर्ती करवाया। हालत नाजुक होने पर हैलट कानपुर ले जाने के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।
नसीरपुर निवासी प्रशांत कटियार ने बताया कि पिता रामसनेही (70) खेती किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बंबा में पानी कम होने के चलते खेत का पलेवा नहीं हो पा रही थी। इस पर बुधवार शाम को पिता पंपिंग सेट लगाकर सिंचाई के लिए गए थे। पंपिंग सेट को लगाने के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बंबा में पलट गया। इससे पिता ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पास मौजूद लोगों ने उन्हें ट्रैक्टर के नीचे से निकाल कर सीएचसी सिकंदरा में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में भी स्थिति न सुधरने पर डॉक्टर ने उनको हैलट कानपुर नगर रेफर कर दिया। हैलट ले जाने के दौरान रास्ते में ही पिता ने दम तोड़ दिया। अनहोनी पर पत्नी रमाकांति, बेटे अनिल, विमल व परिजन रोने लगे। परिजन शव को घर ले आए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन ने अमराहट में यमुना नदी किनारे शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सिकंदरा थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि परिजन की मांग पर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।