आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर औरास थानाक्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव के सामने चालक को झपकी आ जाने से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे में कार पर सवार मां-बेटियों समेत पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को यूपीडा की एंबुलेंस से लखनऊ ट्रामा सेंटर भिजवाया। क्षतिग्रस्त कार को टोल प्लाजा पर भेज दिया गया। कार सवार अलीगढ़ से बलिया जा रहे थे। जनपद बलिया के थाना उवाव के वेल्थरा रोड निवासी अयाज (55) पुत्र रियाज परिवार की ही नाजरा (48) पत्नी सईद आलम और नाजरा की बेटियों अफीका (25) व इलका (18) के साथ लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के रास्ते अलीगढ़ से बलिया जा रहे थे।
कार बलिया निवासी अशोक (32) पुत्र सुरेंद्र चला रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे यह सभी एक्सप्रेस वे पर औरास थाना क्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव के सामने पहुंचे ही थे कि चालक अशोक को झपकी आ जाने से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर एक्सप्रेस वे पर तीन बार पलट गई।
हादसे कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे औरास थानाध्यक्ष राजबहादुर ने यूपीडा की एंबुलेंस से घायलों को ट्रामा सेंटर लखनऊ भिजवाया। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से टोल प्लाजा पर भेज दिया गया। इस दौरान करीब आधा घंटे यातायात प्रभावित रहा।
डिग्री लेने अलीगढ़ गई थी शिक्षिका
नाजरा बलिया के ही एक विद्यालय में शिक्षिका है। अभिलेखों के आनलाइन कराने के लिए शिक्षिका किराए की स्कार्पियो लेकर डिग्री लेने अलीगढ़ गई थी। मंगलवार सुबह परिजनों के साथ अलीगढ़ से निकली शिक्षिका लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के रास्ते बलिया जा रही थी। सुबह करीब सात बजे पंचमखेड़ा गांव के समीप एक्सप्रेस वे पर हादसा हो गया।