उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को चीन का इतिहास देखना चाहिए। बांग्लादेश के मुद्दे पर अटल बिहारी बाजपेई ने इंदिरा गांधी का पूरा साथ दिया था। इससे राहुल को सीख लेकर बयानबाजी करनी चाहिए।
उमा भारती सोमवार को भोपाल से लखनऊ कोर्ट में एक मामले की सुनवाई में जा रहीं थीं। लखनऊ कोर्ट में कोरोना पॉजिटिव मिलने पर सुनवाई स्थगित होने पर वह माती सर्किट हाउस में विश्राम के लिए रुक गईं। इस दौरान पत्रकारों से बात की।
हाल ही में राहुल गांधी ने बयान दिया था कि भारत कोरोना से निपटने में लगा रहा और चीन ने भारत की जमीन पर कब्जा कर लिया। इस बयान पर उमा भारती ने कहा कि बांग्लादेश के मुद्दे पर इंदिरा गांधी सरकार के समय पाकिस्तान से युद्ध हुआ था।
तब अटल बिहारी बाजपेई पूरी तरह से सरकार के साथ थे। इससे सीख लेकर राहुल को बयान देना चाहिए। राहुल को जवाहर लाल नेहरू के समय का इतिहास भी देखना चाहिए। तब हिंदी, चीनी भाई भाई के नारे लगे थे। यह नारे चीन ने ही लगवाए थे। इसके बावजूद गद्दारी की थी। वह पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के सवाल को टाल गई। बाद में वह लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।