कानपुर। ड्रोन तकनीक को नई दिशा देने की पहल में कानपुर का यूएएस (अनमैन्ड एरियल सिस्टम्स) टेस्टिंग फाउंडेशन अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी ताकत दिखाने जा रहा है। आईआईटी के टेक्नोपार्क में स्थापित यह हाईटेक केंद्र पहली बार प्रयागराज में आयोजित नार्थ टेक 2026 में अपनी अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाओं का प्रदर्शन करेगा। इससे ड्रोन स्टार्टअप्स को मजबूती मिलेगी और रक्षा व औद्योगिक क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे।
यूएएस फाउंडेशन उत्तर भारत का पहला ऐसा केंद्र है जहां ड्रोन तकनीक की उन्नत जांच की सुविधा उपलब्ध है। नार्थ टेक 2026 में इसका प्रदर्शन यूपीडा पवेलियन में किया जाएगा। करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह केंद्र भारतीय मानकों के साथ अमेरिकी सैन्य स्तर की टेस्टिंग सुविधाएं भी प्रदान करता है। यहां ड्रोन और संबंधित उपकरणों की गुणवत्ता व सुरक्षा के लिए 18 तरह के परीक्षण किए जाते हैं। इस केंद्र की स्थापना में यूपीडा और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने अहम योगदान दिया है।