कानपुर। काकादेव में ऑनलाइन गेम की लत के चलते 13 वर्षीय किशाेर ने अपनी मां के बैंक खाते से पांच हजार रुपये गंवा दिए। कई बार में ट्रांसफर किए गए रुपयों के संबंध में जब मां के पास बैंक से फोन कॉल आई तो उन्होंने किशोर से सवाल-जवाब किए। इससे घबराया किशोर घर छोड़कर लापता हो गया। पुलिस ने मजदूर पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की है।
काकादेव थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि बेटा मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेलता था। गेम खेलने के दौरान उसने अपनी मां के बैंक खाते से कई बार में करीब पांच हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। बीती 28 अप्रैल को बैंक से कॉल आने पर पत्नी को ट्रांजेक्शन की जानकारी हुई। परिवार ने बेटे से पूछताछ करनी चाही तो वह घबराकर कहीं चला गया। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि अपहरण की रिपोर्ट दर्जकर उसकी तलाश की जा रही है।