कानपुर सेंट्रल स्टेशन से 11 महीने बाद प्रयागराज और चित्रकूट तक चलने वाली डेली ट्रेनों का संचालन 26 फरवरी से होने लगेगा। अनारक्षित श्रेणी की इन ट्रेनों के चलने से सबसे ज्यादा राहत दैनिक यात्रियों को होगी। ट्रेनें 30 अप्रैल तक चलेंगी। सिटी साइड बने जनरल टिकट घर से टिकट लिए जा सकते हैं।
कानपुर-प्रयागराज एक्सप्रेस
कानपुर सेंट्रल-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस (04102) उन्नाव होकर चलेगी। 26 फरवरी से ट्रेन सुबह 9:40 बजे कानपुर सेंट्रल से छूटेगी। उन्नाव, बीघापुर, लालगंज, डलमऊ, जलालपुर धई, ऊंचाहार, गढ़ी मानिकपुर, कुंडा हरनामगंज, लाल गोपालगंज, फाफामऊ, प्रयाग होकर प्रयागराज संगम दोपहर 2:45 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (04101) प्रयागराज संगम से शाम 4:15 बजे छूटेगी और कानपुर सेंट्रल रात 9:05 बजे पहुंचेगी। इसमें 10 जनरल श्रेणी के कोच होंगे।
कानपुर-चित्रकूट एक्सप्रेस
इसी तरह ट्रेन (04110) कानपुर सेंट्रल से 26 फरवरी सुबह 11:10 बजे चलेगी। भीमसेन, कठारा, पतारा, घाटमपुर, हमीरपुर, यमुना साउथ बैंक, भरवा सुमेरपुर, रागौल, बांदा, अतर्रा होकर चित्रकूट दोपहर 3:40 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन (04109) चित्रकूट से शाम 4:10 बजे छूटेगी और रात 9:35 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।