शुक्लागंज कोतवाली गंगाघाट के जाजमऊ पुलिस चौकी अंतर्गत चंदन घाट पर गंगा नदी में नहाते समय दो किशोर डूब गए। सुबह से निकले दोनों किशोर जब शाम तक घर नहीं पहुंचे जो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। फिर साथ रहे अन्य साथियों की जानकारी पर परिजन घाट पहुंचे तो दोनों किशोर के कपड़े और चप्पलें मिलीं।
कर्नलगंज, कानपुर निवासी मो. जैब (13) पुत्र मो. अमीन अपने दोस्त मो. साकिब पुत्र मो. शफीक व मोहल्ले के ही अन्य सात साथियों के साथ सुबह घर से घूमने की बात कहकर निकले। लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचे जबकि अन्य साथी घर पहुंच गए।
परिजनों ने जब अन्य किशोरों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों किशोर गंगा में नहाते समय डूब गए जिसके बाद अन्य किशोर घबरा कर चुपचाप घर आ गए। इसके बाद रविवार शाम पांच बजे परिजन घाट पर पहुंचे तो दोनों किशोरों के कपड़े और चप्पल किनारे रखी मिलीं।
कोतवाली प्रभारी गंगाघाट अरविंद सिंह ने बताया कि गोताखोरों की एक टीम लगाकर काफी देर तक गंगा नदी में खोज-बीन कराई पर दोनों किशोरों का पता नहीं चला। सोमवार को पुन: गोताखोरों की टीम से तलाश कराई जाएगी।