कानपुर देहात में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर गांव के सामने रायपुर-गजनेर मार्ग पर तेज रफ्तार टैंकर ने चार विद्यार्थियों को टक्कर मार दी। दो की मौके पर मौत हो गई जबकि, घायल एक छात्र और छात्रा को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने रायपुर-गजनेर मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर जमकर पीटा और टैंकर पर पथराव कर दिया। मौके पर पहुंचे डीएम व एसपी ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया, जिससे करीब चार घंटे बाद जाम खुलवाया जा सका। मौके पर पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। हादसे के वक्त बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
शुक्रवार की सुबह फत्तेपुर रोशनाई के मजरे महादेव कुटी निवासी सुरेश कुमार का पुत्र अक्षय (15), अमर सिंह का पुत्र शाश्वत (5) और सुभाष कुमार की पुत्री प्रीती एक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान रायपुर-गजनेर मार्ग पर श्यामपुर गांव के सामने रायपुर की ओर से आ रहे टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक अक्षय व शाश्वत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टैंकर चालक ने भागने के प्रयास में पीछे चल रहे अविनाश के पुत्र अनुराग को टक्कर मारकर घायल कर दिया। शाश्वत के बाबा मुन्ना लाल ने बताया कि शाश्वत की स्कूल वैन छूट गई थी, जिससे चचेरा भाई अक्षय बाइक से श्यामपुर स्थित बीएल एलमेंटी स्कूल छोड़ने जा रहा था।
आक्रोशित ग्रामीणों ने टैंकर चालक को पकड़ कर पीट दिया
रास्ते में गांव निवासी प्रीति कॉलेज पैदल जा रही थी। वह भी उसी बाइक में बैठ गई। उन्होंने बताया कि बाइक के पीछे परिवार का ही अनुराग भी एसएलएनडी उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने जालौन के कुरैती माधवगढ़ निवासी टैंकर चालक विनोद को पकड़ कर पीट दिया, उसे गंभीर हालात में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, बिलखते परिजनों को देख मौजूद भीड़ ने रायपुर-गजनेर मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पथराव कर दिया, जिससे टैंकर के शीशे टूट गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया, जिसके बाद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह व एसपी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया। करीब साढे़ चार घंटे के बाद जाम खुल सका।
बोले जिम्मेदार
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही रायपुर-गजनेर मार्ग पर दिन में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा- राधेश्याम पुलिस अधीक्षक