नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने एक युवक, उसके माता पिता समेत छह लोगों पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवती ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि बीते फरवरी में वह नगर के ही निवासी रिषभ और एक अन्य व्यक्ति के साथ उनकी कार से पार्टी में जा रही थीं। आरोप है कि शीतल पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर रिषभ ने उसे पिला दिया और फिर दुष्कर्म किया।
शिकायत की बात कहने पर उसने माफी मांगते हुए शादी करने का वादा किया। रिषभ के परिजन भी शादी के लिए तैयार हो गए। इस पर युवती और रिषभ मिलते जुलते रहे। शादी के लिए दबाव बनाने पर 15 दिन पहले रिषभ एक महिला और दो तीन अज्ञात लोगों के साथ उनके घर आए। बाद में उसे पता चला कि सिर्फ बहलाया जा रहा है और रिषभ शादी नहीं करेगा। इस पर उसने पुलिस से शिकायत की। दावा है कि बीती 17 जुलाई की रात जब वह सरकारी अस्पताल से घर जा रही थी तो आरोपियों ने उसे मझिला पुल पर रोक लिया और धमकाया।
बाद में तीस जुलाई की रात भी आरोपी के दो करीबी घर आकर धमकाने लगे। इस दौरान रिषभ के परिवार के अभय ने भी उससे दुष्कर्म किया। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिषभ गुप्ता, उसके पिता अशोक गुप्ता, मां मिनौती गुप्ता, भाई अभय गुप्ता, भाई की पत्नी नेहा गुप्ता और दोस्त देव तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।