उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दो अलग अलग हादसों में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई। जिसमें से एक अधिवक्ता है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो घर में कोहराम मच गया।
हरदोई के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर बाजार निवासी संजीव कुमार (48) पुत्र बटेश्वर जिला मुख्यालय पर वकालत करते थे। रविवार रात वह बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर में एक तिलकोत्सव में गए थे। उनके साथ बघौली के धतनखेड़ा निवासी मिथिलेश भी थे। संजीव और मिथिलेश देर रात वापस बाइक से हरदोई आ रहे थे। हरदोई सीतापुर मार्ग पर ग्राम भड़ायल के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद संजीव कुमार की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
वहीं दूसरी घटना हरदोई के पिहानी मार्ग की है। हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम अरुण निवासी सोनू( 20) पुत्र मंगरेलाल मजदूरी करता था। रविवार की शाम वह किसी कार्य से पिहानी गया था। पिहानी से वापस अपने गांव बाइक से गांव निवासी सर्वेश (28) पुत्र तोताराम के साथ आ रहा था। हरदोई पिहानी मार्ग पर ग्राम बिलहरी के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी । सोनू और सर्वेश घटना में घायल हो गए। देशराज जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया ,जहां उपचार के दौरान सोनू की मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।