कानपुर के जाजमऊ में 3.6 करोड़ लीटर के ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत में लापरवाही पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दो अधिकारियों को शासन ने निलंबित कर दिया है। जल निगम के चार अधिकारियों का निलंबन आदेश भी जल्द जारी हो सकता है।
प्रदेश सरकार ने टेनरियों और सीवरेज नालों के पानी का सही तरीके से ट्रीटमेंट नहीं होने की दशा में इस ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत के लिए पिछले वर्ष अगस्त में 17.88 करोड़ रुपये जारी किए थे। मरम्मत के लिए नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया था लेकिन मरम्मत इस साल फरवरी में पूरी हो पाई।
इस लापरवाही की वजह से टेनरियों की कई बार तालाबंदी कराई गई। सीवर और नालों का कचरा बिना शोधित हुए कई बार गंगा में सीधे बहाया गया। बाद में इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई गई। मंडलायुक्त सुभाष चंद की रिपोर्ट पर बुधवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया।