उत्तराखंड के नैनीताल में मुक्तेश्वर वाटर फॉल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में यूपी के कानपुर निवासी दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। बुधवार को कानपुर के आठ युवक नैनीताल के वाटर फॉल में घूमने के लिए गए थे। इस दौरान साथियों ने वाटर फॉल में नहाने की योजना बनाई। लेकिन पानी का तेज बहाव दो युवकों के लिए काल बनकर आया। दोस्तों को अपनी आंखों के सामने मौत के मुह में जाते देख अन्य साथियों के होश उड़ गए। इस घटना की जानकारी होने पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों युवकों का कोई भी पता नहीं लगा।
मंगलवार शाम कानपुर के आठ दोस्त घूमने के लिए एक रिजॉर्ट में पहुंचे। बुधवार सुबह सभी युवक भालूगाड़ स्थित वाटर फॉल घूमने पहुंचे। वाटर फॉल पर पहुंचने के बाद चार दोस्तों ने वाटर फॉल में नहाने लगे। इस दौरान सुबेर पुत्र मोहम्मद नईम निवासी रोशन नगर थाना कल्याणपुर कानपुर और शिवम पुत्र नर्मदा निवासी काकादेव कानपुर डूबने लगे। साथियों को डूबता देख सभी शोर मचाने लगे। लेकिन पलक झपकते ही दोनों युवक डूब गए।