बांगरमऊ (उन्नाव)। एक ही बाइक पर लंबे सफर पर निकलना तीन दोस्तों के लिए काल बन गया। सोमवार रात दोस्त की शादी से लौट रहे तीनों दोस्तों की बांगरमऊ के हरियावर गांव के सामने ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। होनहारों की मौत की खबर से आसीवन थाने के गेंगलामऊ गांव में शोक छा गया।
आसीवन थाने के गेंगलामऊ निवासी आकाश कुुमार (18) पुत्र विजय बहादुर, रंजीत कुमार (17) पुत्र रामस्वरूप व अमर सिंह (24) पुत्र सुंदर सिंह सोमवार रात बाइक से बांगरमऊ कोतवाली के मुस्तफाबाद में अपने दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे। रात लगभग 12 बजे वे बाइक से घर लौट रहे थे। बांगरमऊ के हरियावर गांव के सामने लखनऊ की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी थी। तीन सवारियां होने पर बाइक संभल नहीं सकी। टक्कर लगते ही बाइक गिरी तो तीनों दोस्त भी सड़क पर जा गिरेे। इतने में टक्कर मारने वाले ने ट्रक ही ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में अमर सिंह व आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक ने कुछ दूर जाकर ट्रक को सड़क पर खड़ा कर दिया और भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रंजीत को बांगरमऊ अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे भी मृत घोषित कर दिया गया। तीनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि आकाश के पिता विजय बहादुर की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों के मुताबिक रंजीत भाई व पिता के साथ खेती करता था। अमर सिंह की शादी पांच साल पहले हुई थी। वह बंगलूरू की एक पान मसाला कंपनी में काम करता था। आकाश टाइल्स लगाने का कारीगर था।