स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर बस्ती में जा घुसा। इस हादसे में बाइक सवार जीजा-साली व एक महिला की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद लगभग दो घंटे बाद जाम खत्म हुआ। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे बांदा से चिल्ला की ओर जा रहा डस्ट से लोड ट्रक बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे में शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव में बेकाबू होकर सड़क के बाईं ओर बस्ती में जा घुसा। बस्ती के अंदर इसी गांव का राजेंद्र विश्वकर्मा (25) पुत्र रामकुंवर अपनी साली रीना (22) पुत्री सुक्खालाल को लेकर बाइक पर जा रहा था।
ट्रक की चपेट में आकर दोनों की मौत हो गई। उधर, नजदीक में ही घास लेकर जा रही गांव की सुशीला (55) पत्नी राजाभइया भी ट्रक से दब गई। उसकी भी वहीं मौत हो गई। ट्रक एक घर से जा टकराया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को दबोच लिया और पिटाई शुरू कर दी।