तीन अफसरों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
पिता ने इसकी सूचना अफसरों को दी, फिर भी उन्हें जाने नहीं दिया गया। उनको पीटा गया, जिससे उनकी मौत हो गई। कल्याणपुर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया एसजीएसटी के संयुक्त आयुक्त अमित मोहन, पारसनाथ यादव, अपर आयुक्त महेंद्र विक्रम सिंह व अन्य कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बेटा बोला- पिता को अधिकारियों ने पीटा, मोबाइल भी छीना
लुधियाना के ट्रक चालक के बेटे गोविंद ने एसजीएसटी अफसरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कल्याणपुर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि भाई की मौत से पिता सदमे में थे। इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें पीटा और मोबाइल छीन लिया। सोमवार को लुधियाना से मृतक का 18 वर्षीय बेटा गोविंद अपने दो मामा के साथ मोर्चरी पहुंचा।
गीतानगर क्रासिंग के पास एसजीएसटी अधिकारियों ने रोका
गोविंद ने बताया कि पिता बलवीर लुधियाना के ललित कुमार का ट्रक लेकर 15 दिन पहले कानपुर के लिए निकले थे। करीब एक सप्ताह पहले उसका सबसे छोटा भाई महेश (14) लापता हो गया था। इधर गुरुवार को पिता ट्रक लेकर लुधियाना के लिए निकले थे, जिन्हें गीतानगर क्रासिंग के पास एसजीएसटी अधिकारियों ने रोक लिया।
महेश की मौत की बात बताई, लेकिन अधिकारियों को नहीं आया रहम
ट्रक ले जाकर कार्यालय के बाहर खड़ा करा दिया। वहीं, लुधियाना में शुक्रवार तड़के महेश की मौत की खबर मिली, तो पिता को फोन पर सूचना दी। गोविंद का आरोप है कि पिता ने एसजीएसटी के अधिकारियों से महेश की मौत होने की बात बताई, लेकिन अधिकारियों को उन पर रहम नहीं आया।
पिता ने कहा था- अस्थियां रोककर रखना, मैं जल्दी आऊंगा
बेटे गोविंद ने बताया कि भाई की मौत की सूचना जब उसने पिता को दी तो उन्होंने कहा था कि महेश की अस्थियां रोककर रखना। जब मेंं वापस आऊंगा तो अस्थियां विसर्जित करूंगा, लेकिन रविवार शाम छह बजे पिता की ही मौत की सूचना मिली। एक चिता की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि दूसरी मौत से घर में कोहराम मच गया।