कानपुर के बाबूपुरवा में तीन तलाक के मामले में विवेचना अधिकारी के केस डायरी से आरोपियों के नाम हटाने के आरोप के मामले में शुक्रवार को विवेचना अधिकारी ने केस डायरी सीओ को सौंप दी। सीओ ने केस डायरी की जांच करने के बाद आरोपियों के खिलाफ विवेचना जारी रखने की बात कही है।
पीड़िता ने इलाके में रहने वाले पति, सास, ससुर, देवर, दो नंदों और पतियों के खिलाफ बाबूपुरवा थाने में दहेज के लिए प्रताड़ित करने, फोन पर तीन तलाक देने समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने केस डायरी से पति को छोड़ अन्य परिजनों का नाम हटाने का आरोप लगा सीओ आलोक सिंह से शिकायत की थी।
इस पर सीओ ने वर्तमान विवेचना अधिकारी सुजातगंज चौकी इंचार्ज पवन कुमार दुबे को तलब किया था। शुक्रवार को चौकी इंचार्ज ने सीओ कार्यालय पहुंच कर केस डायरी सौंप दी। सीओ आलोक सिंह के अनुसार केस डायरी देखने के बाद विवेचक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि दोषी पाए गए पति को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य की संलिप्तता की जांच की बात कही। केस डायरी से आरोपियों के नाम हटने या न हटने के सवाल पर इसे विभाग का गोपनीय मामला बताया गया।