रूरा (कानपुर देहात)। रूरा रेलवे स्टेशन पर श्रमशक्ति एक्सप्रेस के धीमी गति से गुजरने पर लेडीज बैग लेकर चलती ट्रेन से उतरे युवक को आरपीएफ ने चोर समझकर पकड़ लिया। वहीं युवक के साथ सफर कर रही युवती ने बाद में चौकी पहुंचकर असलियत बताई। आरपीएफ प्रभारी के मुताबिक, युवक पर रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गुरुवार की सुबह 05:45 बजे दिल्ली से कानपुर जा रही श्रमशक्ति एक्सप्रेस ट्रेन रूरा रेलवे स्टेशन से धीमी गति से गुजर रही थी। तभी भंडपुरा थाना शाहजानपुर जिला रामपुर का रहने वाला सागर कश्यप एक लेडीज समेत दो बैग के साथ प्लेटफार्म पर चलती ट्रेन से उतर गया। मौके पर मौजूद आरपीएफ ने लेडीज बैग देखा तो चोर समझकर पकड़ लिया। युवक ने बताया कि श्रमशक्ति एक्सप्रेस में उसके साथ तिगाईं गांव की कंचन भी आ रही थी। रूरा में ट्रेन के धीमी होने पर वह बैग लेकर उतर गया, लेकिन कंचन नहीं उतर सकी। करीब साढ़े आठ बजे आरपीएफ चौकी पहुंची कंचन ने बताया कि तिगाईं गांव से बीडीसी प्रत्याशी है, और नामांकन के लिए आई है। उसने आरपीएफ पर अभद्रता का भी आरोप लगाया।
आरपीएफ प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि युवती का आरोप निराधार है। आरपीएफ कर्मियों से अपशब्द कहने पर उसने लिखित माफी मांगी है। वहीं युवक के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।