भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती पर एक सितंबर को होने वाली सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थी शनिवार तक पंजीकरण करा सकते हैं। मेस्टन रोड स्थित तिलक हॉल में दोपहर दो बजे तक पंजीकरण कराया जा सकेगा।
यह जानकारी शुक्रवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने दी। उन्होंने कहा कि ‘मैं युवा हूं, मेरा भी एक सपना है‘ कार्यक्रम के अंतर्गत राजीव गांधी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता हो रही है। इसमें 8वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। परीक्षा ओएमआर शीट के जरिये होगी।
विद्यार्थियों को पानी की बोतल और काला बॉल पेन लेकर 10 बजे परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा। परीक्षा 11 बजे से प्रारंभ होगी। अग्निहोत्री ने बताया कि परीक्षा परिणाम 10 सितंबर को घोषित किया जाएगा। पुरस्कार वितरण 10 से 15 सितंबर के बीच होगा।
प्रथम विजेता को लैपटॉप, दूसरे को टैबलेट, तीसरे को साइकिल और इसके आगे के 50 बच्चों को हाथ की घड़ी देकर पुरस्कृत किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी बच्चों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इस दौरान चेयरमैन शिरीष पांडेय, शंकर दत्त मिश्र, निजामुद्दीन खां, कृपेश त्रिपाठी, इकबाल अहमद, सुबोध बाजपेई, चंद्रमणि मिश्र, अशोक धानविक, गुलाब सिंह कोरी आदि रहे।
ये हैं परीक्षा केंद्र
डीएवी डिग्री कॉलेज सिविल लाइंस, कानपुर पब्लिक स्कूल-पांडु नगर, डीपीएम मेमोरियल पब्लिक स्कूल अहिरवां, मदर टेरेसा स्कूल किदवई नगर, मदर टेरेसा स्कूल केशव नगर और पंडित सरयू नारायण बाल विद्यालय आजाद नगर।
ऑनलाइन भी करा सकते पंजीकरण
इच्छुक विद्यार्थी www.youngindiadream.in पर भी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा मेरा भी एक सपना विषय पर वीडियो बनाकर फेसबुक पेज youngindiadream_75, twitter -@youngindiadream, Instagram - youngindiadream, WhatsApp-9125576808 पर भी भेज सकते हैं। तीन सबसे अच्छे वीडियो को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।