पाकिस्तानी टिड्डी दल ने शुक्रवार को फिर सेंट्रल यूपी के कई जिलों में हमला बोलकर फसलों को आंशिक नुकसान पहुंचाया। किसानों ने ताली-थाली और शोरशराबा कर जहां टिड्डियों को खेतों में नहीं बैठने दिया, वहीं कृषि विभाग ने भी रसायन का छिड़काव कर भगाने में मदद की।
औरैया में सुबह पाकिस्तानी टिड्डी दल ने फिर पेड़-पौधों और फसलों पर हमला बोला। टिड्डियों के दल ने बिधूना क्षेत्र के दर्जनों गांवों में मंडराना शुरू कर दिया। किसानों को जैसे ही टिड्डी दल के हमले की जानकारी मिली, खेतों में ड्रम, थाली, ढोल आदि बजाकर कन्नौज की ओर खदेड़ दिया।
कुछ फसलों को टिड्डियों ने नुकसान भी पहुंचाया है। कन्नौज में मध्यप्रदेश से इटावा और औरैया होते हुए दो बड़े़े टिड्डी दल पहुंचे। शहर के मकरंदनगर में एक दल ने गोभी और धान की फसलों को नुकसान पहुंचाया।
किसानों के ताली-थाली बजाने और शोर मचाने के बाद दल हरदोई व फर्रुखाबाद की ओर चला गया। इटावा में टिड्डी दल शुक्रवार को महेवा के ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचा, लेकिन फसलों को नुकसान पहुंचाता, इसके पहले ही किसानों ने शोरशराबा और ताली-थाली बजाकर भगा दिया। हरदोई में कन्नौज के रास्ते बिलग्राम, सुरसा और अहिरोरी क्षेत्र में टिड्डी दल पहुंचा और फसलों को आंशिक नुकसान पहुंचाया।
फर्रुखाबाद पहुंचा टिड्डी दल शमसाबाद के बेला सराय गज पहुंचा और दो किमी का क्षेत्रफल में पेड़ों पर बैठने लगा है। उपनिदेशक कृषि प्रसार राजकुमार ने बताया कि रात में रेस्क्यू आपरेशन चलाकर रसायन का छिड़काव किया जाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।