जसवंतनगर। दो ठगों ने बस स्टैंड पर एक युवक को जीजा बनाकर उसकी जेब में रखे पांच हजार रुपये पार कर दिए। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
रविवार दोपहर को एक व्यक्ति सिरसागंज से जसवंतनगर तक ऑटो से बस स्टैंड चौराहे पर उतरा। उसके उतरते ही बाइक पर सवार दो युवक उसके पास पहुंचे और जीजा कहते हुए चरण स्पर्श किए और कहा कि मेरी दुकान का मुहूर्त हो रहा है। आपको बिठाकर ले चल रहे हैं, लड्डू लेकर ही घर जाना। इस पर वह उनकी बाइक पर बीच में बैठ गया। कुछ दूर इटावा रोड तक चलने के बाद एक बंद दुकान के सामने खड़े होकर उन्होंने उसे उतार दिया।
यहां बताया कि दुकान अभी बंद है, खुलने वाली है। यहीं रुकना तब तक तक मैं दूसरे रिश्तेदार को लेकर आ रहा हूं। दोनों बाइक सवार बाइक को दौड़ाते हुए आगे की ओर चले गए। इसी बीच उसकी निगाह उसकी कटी हुई जेबों पर पड़ी तो वह समझ गया कि यह मामला जेब काटने का है। आरोप है कि उसकी जेब से पांच हजार रुपये गायब थे। वह कोल्ड स्टोर में शटरिंग का कार्य करता है। पीड़ित व्यक्ति ने अपना नाम शैलेंद्र कुमार निवासी सिरसागंज बताया। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में है। मौके पर जांच-पड़ताल के लिए पुलिस भेजी गई है। जेब कतरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।