कानपुर। सीएसजेएमयू में दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी छात्रों ने एसीपी कार्यालय जाकर अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और बयान दर्ज कराए। वहीं, विवि प्रशासन ने तीनों छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। विवि में छुट्टी के दिन भी बैठक और जांच चलती रही। संस्थान में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
सीएसजेएमयू की छात्रा ने अपने ही साथ पढ़ने वाले तीन लड़कों वैभव, अनुज, नितेश के ऊपर कक्षा में दुष्कर्म करने का प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर विवि में शिकायत की थी। साथ ही कल्याणपुर थाने में तहरीर दी थी जिसकी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, पीड़िता के मानसिक बीमारी से जूझने और उसके मनोचिकित्सक से इलाज चलने की भी चर्चा भी होती रही। मंगलवार को विवि की जांच में कई अन्य छात्रों के बयान दर्ज कराए गए।
सूत्रों के अनुसार विवि प्रशासन ने बुधवार को आंतरिक समिति की जांच के लिए बैठक बुलाई है। विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। सीसीटीवी के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी पश्चिम एसएन कासिम आबिदी ने बताया कि तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। छात्रा का मेडिकल और बयान कराए गए। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।