गंगा किनारे दोस्तों के साथ मस्ती करना 3 लड़कों को महंगा पड़ गया। तेज बहाव के चलते ये सभी गंगा में समा गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दो लाशें बाहर निकाली हैं अभी तक एक लड़के की लाश नहीं मिली है।
कानपुर के गंगा बैराज में बर्रा निवासी शिवम सिंह (20) अपने दोस्त अनुज यादव (21) के साथ मस्ती करने गया था। दोनों तैरते हुए डूबने लगे। ये देखकर उन्हें बचाने के लिए बर्रा का ही विशाल (22) पानी में कूद गया। विशाल के पीछे एक-एक करके सचिन, हर्ष और मोहसिन भी कूद गए। छह लड़के गंगा के तेज बहाव में बहने लगे।
मौके पर मौजूद गोताखोरों ने सचिन, हर्ष और मोहसिन को सही सलामत बाहर निकाल लिया। लेकिन शिवम, अनुज और विशाल का कहीं कुछ पता नहीं चला। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शिवम और अनुज की लाशें बाहर निकाल ली गईं। अभी तक विशाल की बॉडी नहीं मिली है। दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गंगा बैराज में इससे पहले भी डूबने से युवाओं की मौतें हो चुकी हैं। आठ महीने पहले 7 लड़के नहाते हुए गंगा में डूब गए थे।