पुखरायां। भोगनीपुर थाना के अकोढ़ी सड़क से बृहस्पतिवार को पुलिस ने चोरी के दो ट्रैक्टर व एक ट्रॉली के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके साथ एक साथी मौका पाकर फरार हो गया। जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुखरायां वार्ड इंद्रानगर निवासी भानू प्रकाश ने बताया कि 31 मई की रात हरदुआ पुल के पास ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर घर में खाना खाने चले गए थे। लौटकर आए तो ट्रैक्टर ट्रॉली मौके से गायब मिला। जिसकी तलाश कराते रहे लेकिन कहीं पता नहीं चला। तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की थी। थाना प्रभारी सुमन दीक्षित ने बताया कि पुखरायां चौकी इंचार्ज अमरेंद्र प्रताप सिंह ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को थाना के अकोढ़ी सड़क से तीन लोगों को दो ट्रैक्टर व एक ट्रॉली के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार लोगों ने अपना नाम पता भोगनीपुर थाना के रनियां की मड़ैया निवासी गुलाब सिंह, हमीरपुर थाना जलालपुर के अवधेश कुमार यादव उर्फ बबलू और कानपुर नगर थाना घाटमपुर के हथेही निवासी राजेश बताया। अवधेश कुमार यादव ने उमेश व दो अन्य साथियों के साथ हमीरपुर थाना जरिया के पवई से ट्रॉली के साथ ट्रैक्टर चोरी किया था। जिसकी ट्रॉली बेच दी थी। इसके बाद 31 मई को आंधी व बारिश के बाद पुखरायां बाईपास हरदुआ पुल के पास से ट्रैक्टर सहित ट्रॉली चोरी की थी। ट्रैक्टरों को बेचने की फिराक में जा रहे थे। फरार साथी की तलाश की जा रही है।