मूसानगर। थाना क्षेत्र के मंगलपुरवा में बुधवार की रात चोरों ने मकान के पीछे से सेंध लगाकर अंदर पहुंच गए। शादी में आए रिश्तेदारों के कमरे में रखे अटैची व बक्सों का ताला तोड़कर 20 हजार नकदी समेत 30 लाख के गहने चोरी कर ले गए। सुबह कमरे में सामान बिखरा देख गृहस्वामी के होश उड़ गए। सूचना पर सीओ रविकांत गौड़ ने पहुंच कर जांच की। फोरेंसिंक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
मंगल पुरवा निवासी करुणा शंकर यादव ने बताया घर में भतीजी की 28 नवंबर को शिवगंगा रिसोर्ट कालपी रोड भोगनीपुर में शादी थी। जिसके चलते सभी बेटियां आदि रिश्तेदार 29 नवंबर को भोगनीपुर से घर आ गए थे। शाम को घर के बाहरी कमरे में परिवार के सभी लोग सो रहे थे। रात में चोर मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर पहुंच गए। कमरे में रखे सूटकेस और बक्से का ताला तोड़कर बेटी व घर की महिलाओं के करीब 30 लाख रुपये कीमती से सोने, चांदी के आभूषण व बेटी का एटीएम, 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह चोरी की जानकारी हाेने पर पुलिस को सूचना दी। सीओ रविकांत गौड़, थानाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर जांच पड़ताल की। फोरेसिंक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। सीओ ने थानाध्यक्ष को चोरी की घटना का खुलासा किए जाने के निर्देश दिए।
पुलिस गश्त पर लोगों ने उठाए सवाल
सर्दी शुरू होते ही चोरी की घटनाएं बढ़नी शुरू हो गई हैं। शाम ढलते ही लोग घरों में दुबक जाते हैं। इधर पुलिस गश्त न होने से चोर सक्रिय हो गए हैं। मंगल पुरवा में 30 लाख से अधिक की चोरी होने पर लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस रात में गश्त पर होती तो शायद वारदात नहीं होती। चोरों ने आराम से सेंधमारी की और सामान समेट कर ले गए।
दो चोरियाें का पुलिस नहीं कर सकी खुलासा
क्षेत्र में एक के बाद एक हो रही चोरियां पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। एक माह के अंदर यह तीसरी घटना हुई है। बता दें कि पिछले माह गजनेर रोड स्थित नरेश दिवाकर के बंद घर से 70 हजार रुपये व मुक्ता देवी गेट के पास मुगल रोड किनारे समरथ सिंह यादव की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से दो टन सरिया चोर पार कर ले गए। जिसमें पुलिस के हाथ अभी की खाली है। वहीं बढ़ती हुई चोरी की वारदात लोगों में दहशत हैं।